विदिशा में मुख्यमंत्री ने की भगवान गणेश की पूजा, अर्पित किया 103 किलो का घंटा
अनंत चतुर्दशी से एक दिन पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विदिशा के बाढ़ वाले गणेश मंदिर पहुंचकर पूजन अर्चना की। यहां परिसर में हवन यज्ञ हुआ जिसमें मुख्यमंत्री ने पूर्ण आहूतियां दीं। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में ही 103 किलो का घंटा अर्पित किया।
मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी साधना सिंह ने घंटे पर स्वास्तिक का चिन्ह बनाकर उसकी पूजन की इसके बाद दोनों ने घंटा बजाकर गणेश जी के जयकारे लगाए। मंदिर परिसर में पहले 101 किलो का घंटा था लेकिन किसी कारण वह टूट गया था, उसी के स्थान पर मुख्यमंत्री ने यहां दो किलो ज्यादा वजनी 103 किलो का नया घंटा चढ़ाया है।
बाढ़ वाले गणेश मंदिर में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी भंडारे का आयोजन हुआ। यहां मुख्यमंत्री के आने के बाद भंडारा शुरू हुआ, सबसे पहले कन्याओं की पूजन कर उन्हें भोजन परोसा। इसके बाद स्वयं मुख्यमंत्री ने सपत्निक भंडारे का प्रसाद गृहण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उन्होंने भगवान गणेश से प्रदेश के लिए सुख समृद्धी की कामना की है। बाढ़ वाले गणेश मंदिर में मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए जिलेभर से नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि पहुंचे थे।
इसके अलावा जिले में पदस्थ रह चुके पूर्व अधिकारी भी मंदिर में माथा टेकने आए। इसमें विदिशा के पूर्व कलेक्टर एमबी ओझा, पूर्व एसपी धर्मेंद्र चौधरी, अपर कलेक्टर रहीं अंजू भदौरिया आदि शामिल रहे। मुख्यमंत्री प्रतिवर्ष बेतवा घाट पर पूजन के लिए जाते थे लेकिन बेतवा के उफान पर चलने और यहां हो रहे हादसों के कारण इस बार वे नदी किनारे नहीं गए। बेतवा किनारे घाटों पर सुरक्षा की दृष्टी ने प्रशासन ने बेरिकेडिंग कर रखी थी किसी को भी वहां जाने की इजाजत नहीं थी।